Ghazipur News: भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के बारा-रेवतीपुर संपर्क मार्ग पर पिछले दो वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही काफी मुश्किल हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी है। सांसद अफजाल अंसारी ने करीब 300 मीटर सड़क को नाले से ऊपर उठाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों में इंकलाब खान मोनू, डॉक्टर इरफान खान, बारिक खान, सोनू यादव, जेपी यादव, गुफरान खान और शाहिद खान पहलवान सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि वे लगातार दो वर्षों से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं। लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते लोगों में अब नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वहीं, इस मामले में बीडीओ भदौरा केके सिंह ने कहा कि उन्हें इस जलभराव की समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब मामले को दिखवाया जा रहा है और जल्द ही ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत दिलाने की कोशिश की जाएगी।
