Ghazipur News: गाजीपुर के दिलदारनगर क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश ने अचानक मौसम का मिजाज बदल दिया। शुक्रवार से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक महसूस हो रही थी। वहीं शनिवार सुबह करीब 10 मिनट की बारिश के बाद ठंडक और बढ़ गई।
इस बारिश का रबी फसलों पर मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों के लिए यह हल्की बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है। इससे मिट्टी में नमी बनी रहेगी और फसलों के दानों के विकास में मदद मिलेगी।
हालांकि, विशेषज्ञों ने चेतावनी भी दी है कि अगर मौसम में लगातार नमी बनी रही, तो कटाई के लिए तैयार फसलों को नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि फिलहाल यह बारिश राहत देने वाली है, लेकिन आगे मौसम साफ रहना बेहद जरूरी है, ताकि फसल को किसी तरह का नुकसान न हो।
वहीं, मौसम में आए इस बदलाव से क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।
