Ghazipur News: गाजीपुर के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर ईद के मौके पर यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर दिल्ली और हावड़ा से आने वाली ट्रेनों में हालात काफी भीड़भाड़ वाले हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रिजर्वेशन नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोग मजबूरी में जनरल डिब्बों में सफर कर रहे हैं।
परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों के लिए हालात और भी मुश्किल हो गए हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों के अंदर तक हर जगह भीड़ और अव्यवस्था का नजारा देखने को मिल रहा है।
स्थिति को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के निरीक्षक प्रभारी गणेश सिंह राणा और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल अपनी टीम के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं।
ईद मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्योहार है, जो रमजान के पाक महीने के खत्म होने पर मनाया जाता है। छुट्टियां कम होने की वजह से लोग जल्द से जल्द अपने घर पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। आज चांद दिखने के बाद 21 मार्च को ईद मनाई जाएगी, जिससे यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
