Dildarnagar News: यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाना हर किसी का सपना होता है, लेकिन दिलदारनगर के दीपक कुशवाहा ने यह सपना अपने पहले ही प्रयास में पूरा कर दिखाया। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 672वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।
जब दीपक कुशवाहा अपने पैतृक गांव गायघाट और स्टेशन बाजार स्थित बजरंग नगर कॉलोनी पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। दीपक दिल्ली से हवाई जहाज के जरिए वाराणसी पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से अपने घर आए। रास्ते में बरुईन गांव चट्टी के पास भी परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया।
घर पहुंचने पर उनकी मां कश्मीरा देवी ने आरती उतारी और तिलक लगाकर बेटे का स्वागत किया। यह पल पूरे परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व से भरा रहा।
अपने घर जाने से पहले दीपक ने दुर्गा मंदिर में जाकर मत्था टेका और देवी मां का आशीर्वाद लिया। दीपक की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उनके इकलौते बेटे ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। दीपक की दो बहनें सरिता और संगीत हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
दीपक की शुरुआती पढ़ाई जमानियां से हुई। इसके बाद उन्होंने वाराणसी से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की तैयारी के लिए उन्होंने एक साल कोटा में रहकर पढ़ाई की और फिर एनआईटी वारंगल (आंध्र प्रदेश) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
बीटेक करने के बाद दीपक ने रायपुर की एक मल्टीनेशनल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम किया। हालांकि, उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने करीब दो साल पहले नौकरी छोड़ दी और दिल्ली तथा अपने घर जमानियां में रहकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की।
दीपक की इस उपलब्धि पर पूरे इलाके में गर्व का माहौल है। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि गायघाट धर्मेंद्र कुशवाहा, बीडीसी त्रिभुवन कुशवाहा, पूर्व प्रधान बलिस्टर यादव, वीरेंद्र पासवान, वीरेंद्र सिंह, रमेश कुशवाहा, प्रमोद कुमार और रजनीकांत पासवान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और दीपक को बधाई दी।
