Ghazipur News: गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र स्थित पहेतिया चट्टी में ट्रेलरों की लगातार आवाजाही से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यहां हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रेलरों के आवागमन के लिए समय सीमा तय करने और सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक इनके प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार इस सड़क पर ट्रेलरों के संचालन के लिए कोई तय समय नहीं है। इसी वजह से दिनभर भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते रहते हैं, जिससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों और राहगीरों को हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि हंसराजपुर से जंगीपुर मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहेतिया चट्टी मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इस संबंध में कई बार लिखित शिकायतें भी दी गई हैं और प्रिंट मीडिया में खबरें भी प्रकाशित हो चुकी हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस सड़क को फोरलेन में बदल दिया जाए तो बाजार और दुकानों के बीच सुरक्षित दूरी बनी रहेगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो सकती है।
ट्रेलरों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग करने वालों में योगेश यादव, मोनू कुमार, सुभाष गुप्ता, राजेंद्र राजभर, चंद्रमा चौहान, प्रमोद राजभर, चंद्रमा अंसारी, लल्लन राम, अशोक उपाध्याय, अजीत उपाध्याय, छोटू अंसारी, संजय चौरसिया, दिनेश यादव, रहमान अंसारी, महेंद्र यादव, चंद्रमा यादव, नंदलाल यादव, प्रेम उपाध्याय, गुलाब गुप्ता, बहादुर सिंह यादव, उमेश कुशवाहा, अजय तिवारी, रामपुर चौहान और अजय गुप्ता समेत कई लोग शामिल हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग पर ट्रेलरों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि बाजार और सड़क पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
