Type Here to Get Search Results !

Trending News

गाजीपुर में गैस सिलेंडर को लेकर बड़ा अपडेट! डीएम ने जारी किए चौंकाने वाले आंकड़े, 25K + गैस सिलेंडर का स्टॉक, जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई

Ghazipur News: गाजीपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने ताजा आंकड़े जारी किए हैं। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के मुताबिक 15 मार्च 2026 तक जिले में कुल 25,085 घरेलू गैस सिलेंडर स्टॉक में मौजूद हैं। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल गैस की सप्लाई सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

major-update-regarding-gas-cylinders-in-ghazipur

आंकड़ों के अनुसार 14 मार्च को जिले में 8,371 गैस सिलेंडरों की बिक्री हुई, जबकि उसी दिन 12,841 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई। इन आंकड़ों की समीक्षा के बाद प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों की जांच की। जांच में पाया गया कि एजेंसियां उपभोक्ताओं की बुकिंग के मुताबिक नियमों के तहत होम डिलीवरी के जरिए गैस की आपूर्ति कर रही हैं।

इसी बीच जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी उपजिलाधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने गैस आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। खासतौर पर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि स्कूलों में मिड-डे मील योजना गैस की कमी से प्रभावित न हो।

डीएम ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे कम से कम तीन दिन पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग जरूर कर लें। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को आपसी समन्वय से किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करने को कहा गया है। गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जरूरी सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिनका पालन कर लिया गया है।

जिलाधिकारी ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करता है या ओटीपी का दुरुपयोग करता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ने भी विक्रय अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर एजेंसियों पर सूचना बोर्ड लगाने और संपर्क नंबर सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। आपूर्ति विभाग की टीम लगातार गैस एजेंसी के गोदामों और होम डिलीवरी वाहनों की जांच कर रही है।

अगर किसी उपभोक्ता को गैस से जुड़ी कोई समस्या या शिकायत हो, तो वे ऑयल कंपनियों के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 या जिला आपदा कंट्रोल रूम 0548-2224041 पर संपर्क कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.