Type Here to Get Search Results !

Trending News

मरदह में बने जर्जर बिजली पोल! कभी भी गिर सकते हैं खंभे, ग्रामीणों में डर का माहौल

Ghazipur News: गाजीपुर जिले के मरदह क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही लोगों की चिंता बढ़ा रही है। इलाके के कई गांवों और कस्बों में लगे जर्जर विद्युत खंभे कभी भी गिर सकते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

dilapidated-electricity-poles-in-mardah-the-poles-could-collapse-at-any-moment

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश गांवों में वर्षों पहले लगाए गए लोहे के बिजली खंभे रखरखाव के अभाव में जमीन की सतह से गल चुके हैं। कई जगहों पर तो हालात ऐसे हैं कि खंभे सिर्फ बिजली के तारों के सहारे खड़े दिखाई दे रहे हैं। तारों का भार और जर्जर हालत के कारण कई पोल एक तरफ झुक गए हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

मरदह कस्बे और ब्लॉक रोड की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक बताई जा रही है। मरदह ब्लॉक रोड पर ट्रांसफार्मर के पास एक बिजली का पोल पूरी तरह गल चुका है। यह काफी व्यस्त मार्ग है, जहां दिन भर सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में यदि यह खंभा गिरता है तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। इलाके में ऐसे दर्जनों अन्य मार्ग भी हैं, जहां बिजली के खंभे जर्जर हालत में खड़े हैं।

बताया जा रहा है कि ये खंभे दशकों पुराने हैं और लाइन बिछाने के समय से ही इनका सही तरीके से रखरखाव नहीं किया गया। कस्बे में लगे लोहे के पोल नमी और लगातार अनदेखी के कारण अपने आधार से गल चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

क्षेत्रीय नागरिकों प्रदीप, रामनिवास यादव, शैलेश यादव और अवनीश चतुर्वेदी का कहना है कि बिजली विभाग का ध्यान सिर्फ बिल वसूली पर है, जबकि बिजली व्यवस्था के बुनियादी ढांचे की मरम्मत और रखरखाव को नजरअंदाज किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.