Zamania News: जमानिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 की हालत इन दिनों काफी खराब नजर आ रही है। प्लेटफार्म पर जगह-जगह कूड़ा-कचरा फैला हुआ है और पेयजल बेसिन के आसपास भी गंदगी का अंबार लगा है। हैरानी की बात यह है कि स्टेशन प्रबंधन या जिम्मेदार अधिकारियों की नजर अब तक इस समस्या पर नहीं पड़ी है।
प्लेटफार्म के कई स्थानों पर पेयजल की टोंटियां भी गायब हैं। ऐसे में बढ़ती गर्मी के बीच यात्रियों को पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। यात्री रमेश, मनोज, शशिकांत और अनिकेत कुमार का कहना है कि जमानिया रेलवे स्टेशन और स्टैंड परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है।
यात्रियों के मुताबिक स्टेशन की पेयजल व्यवस्था लगभग ठप हो चुकी है। प्लेटफार्म पर बेसिन तो लगे हुए हैं, लेकिन उनमें नल नहीं हैं। ऐसे में यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इस मामले में जब सफाई सुपरवाइजर वसीम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्टेशन पर तीन सफाईकर्मी तैनात हैं और नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है। हालांकि प्लेटफार्म पर फैली गंदगी को देखकर यह सवाल उठ रहा है कि सफाई वास्तव में जमीन पर हो रही है या सिर्फ कागजों में ही सीमित है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था तुरंत सुधारी जाए और यात्रियों के लिए पीने के पानी की उचित व्यवस्था की जाए।
