Ghazipur News: सादात विकासखंड की बसई ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां तैनात सफाई कर्मी पिछले करीब तीन महीनों से गांव नहीं आया है, जिसके चलते ज्यादातर नालियां जाम हो चुकी हैं। हालत ये है कि नालियों का गंदा पानी अब सड़कों पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गांव में फैली गंदगी और सड़कों पर बहते गंदे पानी से बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सुवास राम ने बताया कि सफाई कर्मी की गैरहाजिरी के कारण गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मुद्दे पर ग्रामीणों में नाराजगी साफ दिख रही है। प्रधान प्रतिनिधि सुवास राम के साथ चम्पा, सुनीता, गायत्री, सोनी, इनरावती, चम्पा देवी, सुरेंद्र और संगीता समेत कई महिलाओं ने विरोध जताते हुए बताया कि सड़कों पर गंदा पानी बहने से रोजमर्रा के कामकाज और आवाजाही में काफी दिक्कत हो रही है।
वहीं, इस मामले में एडीओ पंचायत मोहम्मद इरशाद जाफर ने कहा कि जल्द ही बसई ग्राम पंचायत में किसी अन्य सफाई कर्मी की तैनाती की जाएगी। उनका कहना है कि नए कर्मी के आने से गांव की सफाई व्यवस्था सुधरेगी और लोगों को इस समस्या से राहत मिल सकेगी।
