Ghazipur News: सैदपुर-शादियाबाद मार्ग पर भितरी बाजार के पास सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण आसपास के कई गांवों के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों, स्कूली बच्चों और खासकर महिलाओं को हो रही है, जिन्हें कई बार गाड़ी से उतरकर पानी भरी सड़क पार करनी पड़ रही है।
सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनमें पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है। आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं। जलभराव का असर सिर्फ आम लोगों पर ही नहीं, बल्कि बाजार के कारोबार पर भी साफ दिख रहा है। दुकानों पर ग्राहक आना कम हो गया है, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदार सुनील, इरशाद, राजेश, तनवीर और सुरेश का कहना है कि सड़क पर जमा पानी ने उनकी दुकानदारी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उनका यह भी कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि कई सालों से भितरी बाजार की यही हालत बनी हुई है।
इस मामले में ग्राम प्रधान अच्छे लाल यादव ने बताया कि 150 मीटर नाली के निर्माण का बजट पास हुआ था, जिसका काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर करीब 300 मीटर और नाली का प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो नाली को मुख्य सड़क से निकालकर नदी की ओर मोड़ा जाएगा, जिससे सड़क पर जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। फिलहाल नालियों का काम अधूरा है, जिसकी वजह से पूरे बाजार का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है।
प्रधान यादव के अनुसार, जहां-जहां नालियों की स्वीकृति मिली है, वहां तक निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है और बाकी काम प्रस्ताव पास होने के बाद आगे बढ़ेगा।
वहीं, अन्य दुकानदारों ने जलभराव के कारण गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई है। इस समस्या से कई गांवों के लोग प्रभावित हैं, जिससे उनमें गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
