Type Here to Get Search Results !

Trending News

डेढ़गावां PHC पर ब्रेक! सवा साल से रुका निर्माण, इलाज के लिए 15 KM भटकने को मजबूर ग्रामीण

Ghazipur News: गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र के शहीद कर्नल एम.एन. राय के पैतृक गाँव डेढ़गावां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निर्माण पिछले करीब सवा साल से ठप पड़ा है। वजह है—बजट की कमी। इस देरी का खामियाजा सीधे तौर पर गाँव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें बुनियादी इलाज के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।

work-halted-at-dedgaon-phc-construction-stalled-for-over-a-year

गाँव के लोगों को छोटी-मोटी बीमारी के इलाज के लिए भी करीब 15 किलोमीटर दूर गाजीपुर या रेवतीपुर जाना पड़ता है। ऐसे में आपातकालीन हालात में यह दूरी मरीजों के लिए और भी खतरनाक साबित हो रही है।

ग्रामीण अजीत कुमार, दशरथ, हरिपाल, कमलाकांत, संतोष सिंह और आदर्श बताते हैं कि साल 2023 में PHC भवन के कायाकल्प का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उसी साल के अंत तक इसे मंजूरी भी मिल गई थी। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को हरी झंडी दी गई थी।

परियोजना के तहत पहली किस्त के रूप में लगभग 40 लाख रुपये जारी किए गए। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मार्च 2024 में निर्माण कार्य शुरू हुआ और इसे मार्च 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया था। लेकिन दूसरी किस्त जारी न होने के कारण काम बीच में ही रुक गया।

यह PHC आधा दर्जन से ज्यादा गाँवों की हजारों आबादी के लिए एकमात्र सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है। निर्माण अधूरा रहने की वजह से लोगों को अब निजी अस्पतालों या दूर के सरकारी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है।

इस स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर कक्ष, सर्जिकल वार्ड, इमरजेंसी यूनिट, ओपीडी, दवा भंडार, ऑपरेशन थिएटर, प्रतीक्षालय, पर्ची काउंटर, लैब, शौचालय और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित की जानी थीं। लेकिन निर्माण अधर में लटकने से ये सभी सुविधाएं फिलहाल सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार ने बताया कि दूसरी किस्त का बजट न मिलने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है और जैसे ही बजट जारी होगा, काम दोबारा तेजी से शुरू कराया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.