Ghazipur News: गाजीपुर के मरदह क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रहे फोरलेन मार्ग के जलालाबाद मोड़ पर सर्विस लेन के बीच बने नाले का निर्माण बेहद घटिया स्तर का सामने आया है। इसकी वजह से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, साथ ही किसी बड़े हादसे का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाले के निर्माण में गुणवत्ता के मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। हालत यह है कि साधारण वाहनों का भार भी यह नाला नहीं सह पा रहा। नतीजतन, नाले के ऊपर डाले गए ढलाई वाले ढक्कन पूरी तरह टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
सड़क के बीचों-बीच खुले और टूटे हुए ये नाले अब खतरे का बड़ा कारण बन गए हैं। यह मार्ग मुख्य आवागमन का केंद्र है, जहां दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में वाहन चालकों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कत हो रही है।
रात के समय स्थिति और ज्यादा गंभीर हो जाती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इन खुले गड्ढों में गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
इस लापरवाही को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। अजय यादव, रामदेव, रजत वर्मा, बंटी गुप्ता, पिंटू, गजेंद्र यादव और दिनेश कुमार समेत कई ग्रामीणों का कहना है कि घटिया निर्माण के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से मांग की है कि सर्विस लेन के बीच बने इस नाले का दोबारा मानकों के अनुसार मजबूत निर्माण कराया जाए और पुख्ता ढक्कन लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
