Type Here to Get Search Results !

Trending News

गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी: होम डिलीवरी बंद, Online Booking में दिक्कत से उपभोक्ता परेशान

गाजीपुर के सेवराई तहसील क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। होम डिलीवरी सेवा ठप होने और ऑनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के गोदामों पर लंबी कतारों में लगकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। इस स्थिति ने इलाके में गैस की कमी की अफवाहों को भी हवा दे दी है।

sevrai-gas-cylinder-booking-issue-consumer-problems

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की चर्चाओं के चलते लोगों में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि होली के आसपास से ही घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था प्रभावित होने लगी थी। त्योहार की छुट्टियां खत्म होने के बाद भी कई जगहों पर होम डिलीवरी सेवा शुरू नहीं हो सकी है। वहीं मोबाइल से ऑनलाइन बुकिंग करने में भी उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है, जिसके कारण डिलीवरी करने वाले कर्मचारी भी क्षेत्र में कम दिखाई दे रहे हैं।

इन परिस्थितियों के चलते सेवराई तहसील क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों पर सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही हैं। सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ता मिथुन गुप्ता, नंदलाल प्रसाद और दीपक सिंह ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग में समस्या और होम डिलीवरी बंद होने की वजह से उन्हें खुद गोदाम जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है, जिससे समय और मेहनत दोनों ज्यादा लग रही है।

इस मामले में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मु. मोहिद खान ने बताया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पहले की तरह जारी है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण लोग एक साथ सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे गोदामों पर भीड़ बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की जरूरत न होने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.