Dildarnagar News: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को दिलदारनगर स्थित सायर माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भक्त माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। लोगों ने सुख-समृद्धि, मनचाही इच्छाओं की पूर्ति और परिवार की खुशहाली के लिए माता के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के जवान लगातार मौके पर तैनात रहे और गश्त करते नजर आए। इससे भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में काफी मदद मिली।
सिर्फ सायर माता मंदिर ही नहीं, बल्कि नगर के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। लाली देवी दुर्गा मंदिर, माई जी कुटिया, गिरनार आश्रम, फुल्ली और निरहुका पूरा दुर्गा मंदिर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के देवी मंदिरों में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूरे क्षेत्र में ‘जय माता दी’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
सायर माता मंदिर की खासियत यह है कि यहां सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के कई जिलों के अलावा बिहार, बंगाल और झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के महंत कृष्ण कुमार पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें कतार में लगकर दर्शन करने की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि माता की कृपा से क्षेत्र में हमेशा शांति और खुशहाली बनी रहती है।
वहीं, दिलदारनगर के चेयरमैन अविनाश ने बताया कि नवरात्रि के मौके पर नगर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कहीं सफाई में कोई कमी नजर आए तो तुरंत जानकारी दें, ताकि समय पर उसे ठीक कराया जा सके।
