Ghazipur News: जमानिया तहसील क्षेत्र के जमानिया स्टेशन स्थित काशीराम आवास के पास नगर पालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आवासीय इलाके में लगातार कूड़ा डंप किए जाने से स्थानीय लोग नारकीय हालात में जीने को मजबूर हो गए हैं।
आवास में रहने वाले दयाराम, पवन कुमार, राजकुमार, सोनी देवी और अनीता देवी ने बताया कि कई बार मना करने और शिकायत करने के बावजूद यहां कूड़ा गिराना बंद नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि गंदगी इतनी ज्यादा है कि सांस लेना तक मुश्किल हो गया है और कई लोग बीमार पड़ चुके हैं।
स्थानीय निवासियों का दर्द साफ झलकता है। उनका कहना है, “हम इंसान हैं या कूड़े के बीच रहने को मजबूर कोई चीज? हमारी शिकायतों का कोई असर ही नहीं हो रहा है।”
स्थिति तब और खतरनाक हो जाती है जब इस कूड़े में आग लगा दी जाती है। इससे उठने वाला जहरीला धुआं पूरे इलाके में फैल जाता है, जिससे न सिर्फ यहां रहने वाले लोग बल्कि राहगीर भी परेशान हो जाते हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि अब इस रास्ते से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है।
वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि वहां कूड़ा डालने से मना किया गया है। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि जब मना किया गया है, तो फिर खुलेआम कूड़ा कौन डाल रहा है और अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
