Type Here to Get Search Results !

Recent Gedgets

Trending News

गाजीपुर में कल से यूपी बोर्ड एग्जाम का बिगुल! 196 केंद्रों पर 1.37 लाख छात्र देंगे परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गाजीपुर जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं। ये परीक्षाएं 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में कराई जाएंगी। जिले भर में कुल 196 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 1.37 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।

up-board-exams-begin-ghazipur

इन 196 केंद्रों में से 29 को अति संवेदनशील और 63 को संवेदनशील घोषित किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक हाईस्कूल के लगभग 67 हजार और इंटरमीडिएट के करीब 70 हजार परीक्षार्थी इस बार बोर्ड परीक्षा देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं संबंधित केंद्रों तक पहुंचा दी गई हैं।

परीक्षाएं नकलमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को खास तौर पर मजबूत किया गया है। पूरे जिले को 12 जोन में बांटा गया है। निगरानी के लिए 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 सचल दल तैनात किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।

सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी और पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों के 100 से 200 मीटर के दायरे में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

प्रश्नपत्रों को डबल लॉक सिस्टम में सुरक्षित रखा जाएगा। एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक के पास और दूसरी स्टेटिक मजिस्ट्रेट व बाह्य केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले सीसीटीवी की निगरानी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे। परीक्षा खत्म होते ही उत्तर पुस्तिकाओं को सील कर निर्धारित स्थान पर जमा कराया जाएगा।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की नकल या फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने दोहराया कि बोर्ड परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ कराई जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad