DA Hike Big Update: फरवरी आधा बीत चुका है और केंद्रीय कर्मचारियों में महंगाई भत्ते (DA) को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इसी बीच डीए बढ़ोतरी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। खबर है कि होली से पहले कर्मचारियों को डीए हाइक की सौगात मिल सकती है। आइए जानते हैं कब तक इसका ऐलान हो सकता है और सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी।
AICPI-IW इंडेक्स से तय होता है डीए
कर्मचारियों का डीए AICPI-IW इंडेक्स के आधार पर तय किया जाता है। दिसंबर 2025 तक का इंडेक्स जारी हो चुका है, जिससे महंगाई भत्ते की तस्वीर साफ हो गई है।
ताजा अपडेट के मुताबिक, होली से पहले कर्मचारियों को डीए हाइक की सौगात मिल सकती है। इस बढ़ोतरी का सीधा फायदा उनकी सैलरी में दिखेगा।
कितना बढ़ सकता है डीए?
केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स दोनों को राहत मिल सकती है। दिसंबर 2025 के AICPI-IW डेटा के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2-2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है।
संभावना है कि जनवरी 2026 से डीए और डियरनेस रिलीफ में 2 प्रतिशत का इजाफा किया जाए।
कब हो सकता है ऐलान?
माना जा रहा है कि केंद्र सरकार मार्च से पहले बढ़े हुए डीए की घोषणा कर सकती है। 7th Pay Commission का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है, लेकिन जब तक 8th Pay Commission की सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक सातवें वेतन आयोग के बेसिक वेतन पर ही डीए की गणना जारी रहेगी।
क्या है AICPI-IW इंडेक्स?
AICPI-IW एक इंडेक्स है जो रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में बदलाव को दर्शाता है। इसे श्रम मंत्रालय हर महीने जारी करता है। केंद्र सरकार इस इंडेक्स के 12 महीने के औसत के आधार पर डीए तय करती है।
दिसंबर 2025 के आंकड़े क्या कहते हैं?
दिसंबर 2025 में AICPI-IW इंडेक्स 148.2 रहा। वहीं 12 महीने का औसत 145.54 है। गणना के अनुसार डीए करीब 60.33 प्रतिशत बनता है।
फिलहाल कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए मिल रहा है। ऐसे में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद डीए 60 प्रतिशत पर पहुंच सकता है।
इससे पहले जून 2025 के आंकड़ों के आधार पर अक्टूबर 2025 में सरकार ने 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। तब डीए 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हुआ था। अब फिर 2 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।
सैलरी पर कितना पड़ेगा असर?
इस साल होली 4 मार्च को है। ऐसे में संभावना है कि फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में सरकार डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर दे।
अगर डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो:
- 20,000 रुपये बेसिक सैलरी वालों को हर महीने 400 रुपये का फायदा होगा।
- 30,000 रुपये बेसिक सैलरी वालों की सैलरी में 600 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
- 1 लाख रुपये बेसिक सैलरी पाने वालों को करीब 2000 रुपये प्रति माह अतिरिक्त मिल सकते हैं।
यानी होली से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स दोनों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आ सकती है।
