Dildarnagar News: दिल्ली-हावड़ा मेन रेल खंड को दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन से जोड़ने की तैयारी तेजी से चल रही है। इसके लिए भदौरा-कर्मा नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। फिलहाल रेलवे ने पहले चरण में उसिया से कर्मा तक नई रेल लाइन बिछाने का निर्णय लिया है, जिसका सर्वे दानापुर से आई इंजीनियरिंग टीम ने किया।
![]() |
| उसिया-कर्मा नई रेल लाइन का सर्वेक्षण |
भदौरा से कर्मा के बीच 11.8 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए दानापुर मंडल तेजी से जुटा हुआ है। हालांकि, रेलवे ने पहले चरण में भदौरा की बजाय उसिया से कर्मा तक नई रेल लाइन जोड़ने का निर्णय लिया है। दूसरे चरण में यह लाइन भदौरा स्टेशन से जुड़ेगी। इस काम के लिए दानापुर मंडल की इंजीनियरिंग टीम ने उसिया स्टेशन पहुंचकर सर्वेक्षण किया।
सर्वे करने वाली टीम ने बताया कि जांच रिपोर्ट मंडल के वाणिज्य प्रबंधक को सौंप दी जाएगी। उसिया से नई लाइन सीधे दिलदारनगर और रक्साहा गांव होते हुए कर्मा पहुंचेगी, जहाँ कर्मा के पास नया यार्ड बनेगा और यह लाइन ब्रांच लाइन से जुड़ जाएगी। इस नई रेल लाइन के बनने से दिल्ली-हावड़ा मुख्य मार्ग गाजीपुर, वाराणसी और बलिया सहित अन्य रेल खंडों से भी जुड़ेगा, जिससे आम जनता को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
मिट्टी भराई का काम जारी है
दिलदारनगर से कर्मा तक अधिग्रहित जमीन पर मिट्टी भराई का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद ही अन्य निर्माण कार्य शुरू होंगे। नई रेल लाइन के लिए तीन स्थानों पर आरओबी का निर्माण भी किया जाएगा—पहला दिलदारनगर-भदौरा, दूसरा दिलदारनगर-रक्साहा बाईपास और तीसरा दिलदारनगर-भदौरा मार्ग पर—ताकि ट्रेनों का परिचालन सुगम रूप से हो सके।
