Ghazipur News: गाजीपुर के भीमापार क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से ग्रामीण काफी परेशान हैं। कई जगह गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
कलवारी गांव के निवासी कृपा शंकर पांडेय ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही है। उन्हें मखदुमपुर स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की रत्नाकरपुर इंडेन गैस एजेंसी पर पिछले चार दिनों से लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है।
सिर्फ ऑफलाइन ही नहीं, ऑनलाइन गैस बुकिंग में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग प्रक्रिया सही तरीके से काम नहीं कर रही है। बुकिंग करने के बाद भी डीएसी (डिलीवरी अथॉराइजेशन कोड) नंबर नहीं मिल रहा है।
कुछ लोगों ने यह भी शिकायत की कि गैस कंपनी की वेबसाइट सही से काम नहीं कर रही, जिसकी वजह से उन्हें मजबूर होकर गैस एजेंसी पर जाकर लाइन में लगना पड़ रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ सरकार का दावा है कि देश में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य है, लेकिन जमीनी स्तर पर तस्वीर कुछ और ही नजर आ रही है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर गैस की कमी नहीं है, तो उन्हें समय पर सिलेंडर क्यों नहीं मिल पा रहा। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित गैस कंपनियों से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और उन्हें समय पर रसोई गैस उपलब्ध हो सके।
