Type Here to Get Search Results !

Recent Gedgets

Trending News

2 साल से इंतजार… फिर भी नहीं बढ़ीं ट्रेनें! डीटीजी रेल रूट पर भड़के यात्री, आंदोलन की दी चेतावनी

Ghazipur News: गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र में स्थित डीटीजी (दिलदारनगर–तारीघाट–गाजीपुर) रेल रूट पर ट्रेनों की संख्या और फेरों को बढ़ाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर डिवीजन के तहत आने वाले इस 26.600 किलोमीटर लंबे रूट पर रेल मंत्रालय के निर्देश के दो साल बीत जाने के बाद भी ट्रेनों का विस्तार नहीं हो पाया है।

dtg-rail-route-train-frequency-demand-protest-warning

फिलहाल इस रूट पर सिर्फ दो सवारी गाड़ियों का ही संचालन हो रहा है, जो यात्रियों की संख्या के हिसाब से काफी कम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे अधिकारियों की उदासीनता के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

कलामुद्दीन, राजनारायण सिंह, दर्शन यादव, एम.एच. खान, आशुतोष मौर्या और विनोद गुप्ता सहित कई स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस रूट की पैसेंजर ट्रेनों को सुबह और शाम के समय गाजीपुर सिटी स्टेशन तक चलाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अतिरिक्त दूरगामी, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भी जल्द शुरू होना चाहिए।

यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की कमी के कारण उन्हें कई बार दूर के अन्य रेलवे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है। तारीघाट का नया रेलवे स्टेशन दो साल से ज्यादा समय से चालू है। उस समय रेल मंत्रालय ने पैसेंजर ट्रेनों को सुबह और शाम गाजीपुर सिटी तक चलाने और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इस रूट से रोजाना सैकड़ों यात्री सफर करते हैं और आसपास के दर्जनों गांव सीधे इस स्टेशन से जुड़े हुए हैं। सीमित ट्रेनों की वजह से इन यात्रियों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही ट्रेनों की संख्या और फेरों में बढ़ोतरी नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

दानापुर डिवीजन के वरीय मंडल रेल परिचालन प्रबंधक (सीनियर डीओएम) सुधांशू रंजन ने बताया कि उन्होंने हाल ही में पदभार संभाला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस रूट पर ट्रेनों के फेरों और संख्या में बढ़ोतरी की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad