Ghazipur News: गाजीपुर के दिलदारनगर क्षेत्र में चित्रकोनी-सरेला मुख्य मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। यह सड़क दिलदारनगर को आसपास के कई गांवों से जोड़ती है, लेकिन अब इसकी स्थिति इतनी जर्जर हो गई है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश और पानी भर जाने से हालात और भी ज्यादा खतरनाक हो गए हैं। रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली बच्चों के लिए सफर मुश्किल बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक इन गड्ढों में फंसकर गिर जाते हैं, जिससे चोट लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में यह सड़क अब दुर्घटनाओं की वजह बनती जा रही है।
स्थानीय ग्रामीण संतोष गुप्ता और अमन कुमार ने बताया कि लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वहीं ग्राम प्रधान समसुलहोदा ने भी सड़क की खराब स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द संज्ञान लेकर मरम्मत कार्य शुरू कराने की अपील की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
