Type Here to Get Search Results !

Recent Gedgets

Trending News

तिरंगे में लिपटकर घर लौटा गाजीपुर का वीर सपूत… गांव में उमड़ा जनसैलाब, ‘भारत माता की जय’ से गूंज उठा पूरा इलाका

Ghazipur News: गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के शाहपुर शमशेरखा गांव में मंगलवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब शहीद नायब सूबेदार हरकेश यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक घर पहुंचा। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण और युवा उमड़ पड़े। शादियाबाद चौराहे से लेकर उनके घर तक लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

the-brave-son-of-ghazipur-returned-home-wrapped-in-the-tricolor

जैसे ही शहीद का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, परिवार में मातम छा गया। पत्नी मधु यादव और अन्य परिजन खुद को संभाल नहीं सके और फूट-फूटकर रोने लगे। बड़े भाई अशोक यादव ने बताया कि हरकेश पिछले नवंबर में अपनी भतीजी की शादी में घर आए थे। उस समय उन्होंने अप्रैल में छुट्टी लेकर दोबारा आने की बात कही थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह तिरंगे में लिपटकर लौटेंगे।

पत्नी मधु यादव ने नम आंखों से शहीद को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सेना के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें सलामी दी।

यूनिट सूबेदार अखिलेश राय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार सुबह झांसी में सैन्य अभ्यास से लौट रही सेना की टुकड़ी के ट्रक को बबीना के खैलार गांव के पास एक पिकअप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक में सवार नायब सूबेदार हरकेश यादव शहीद हो गए।

शहीद की अंतिम यात्रा में जखनिया विधायक बेदी राम भी शामिल हुए। उन्होंने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए दुखद पल है, लेकिन साथ ही गर्व की बात भी है कि हमारे इलाके का जवान देश की सेवा करते हुए शहीद हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर जवानों की वजह से ही देश के लोग सुरक्षित हैं।

शहीद हरकेश यादव के परिवार में उनकी पत्नी मधु यादव, 17 वर्षीय बेटा अंकित यादव और 11 वर्षीय बेटी अर्पिता यादव हैं। उनके छोटे भाई सुरेंद्र यादव भी जम्मू-कश्मीर में सेना में तैनात हैं।

इस दौरान उप जिलाधिकारी जखनिया अनुज कुमार, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा, शादियाबाद थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय सहित कई अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad