Ghazipur News: जखनिया रेलवे स्टेशन (Jakhania Railway Station) के उन्नयन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग अब राजधानी तक पहुंच चुकी है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा (District President Pramod Verma) ने दिल्ली में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत से भेंट कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जखनिया स्टेशन पर प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सुनिश्चित करने, स्टेशन के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
प्रमोद वर्मा ने कहा कि जखनिया स्टेशन से रोजाना बड़ी तादाद में लोग दूर-दराज के शहरों और महानगरों की ओर सफर करते हैं, लेकिन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आग्रह किया कि 22539/22540 मऊ–आनंद विहार, 19489/19490 गोरखपुर–अहमदाबाद, 01025/01026 और 01027/01028 दादर सेंट्रल, 15003/15004 चौरी-चौरा एक्सप्रेस तथा 18201/18202 नौतनवा–दुर्ग एक्सप्रेस समेत अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का जखनिया स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
वर्मा ने सांसद को बताया कि जखनिया में निर्मित प्लेटफॉर्म नंबर–2 को विभागीय उदासीनता के चलते ध्वस्त कर दिया गया, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। इसके कारण प्लेटफॉर्म नंबर–3 पर ट्रेनों की आवाजाही में विलंब हो जाता है और लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ती है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड, पीपी शेल्टर (यात्री प्रतीक्षालय) तथा पर्याप्त बैठने की सुविधा का अभाव एक गंभीर समस्या बना हुआ है।
स्टेशन के सामने सुव्यवस्थित सर्कुलर एरिया न होने के कारण यात्रियों को अपने वाहनों के आगमन और प्रस्थान में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
साथ ही, गेट नंबर–17 पर पुराने केबिन के निकट अंडरपास बनाने की मांग भी उठाई गई। बताया गया कि यहां छोटे वाहनों की बार-बार लगने वाली जाम की समस्या से आसपास का बाजार क्षेत्र प्रभावित होता है।
राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने प्रमोद वर्मा को भरोसा दिलाया कि जखनिया स्टेशन (Jakhania Station) से जुड़ी इन मांगों पर गंभीरता से पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा करेंगी तथा वाराणसी रेल मंडल के प्रबंधक को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगी।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि शीघ्र ही जखनिया स्टेशन पर सुविधाओं में सुधार होगा और प्रमुख ट्रेनों का नियमित ठहराव भी सुनिश्चित किया जाएगा।
