सादात थाना क्षेत्र के बरहपार भोजूराय में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। सोमवार सुबह किसी बात पर विवाद होने के बाद पति ने पत्नी पर पहले ईंट से हमला किया, उसके बाद कैँची से गोदकर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
बरहपार भोजूराय निवासी पत्तू पाल (50) पुत्र जगन्नाथ पाल का अपनी पत्नी बिंदा देवी से किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्त् ने बिंदा पर पहले ईंट से लहूलुहान कर दिया। इसके बाद अलमारी से कैंची निकालकर बिंदा पर कई हमले किए। बिंदा की मौके पर ही मौत हो गई। तीन दिन पहले ही पत्तू सूरत से घर आया था।
तीन दिन पहले ही आया था सूरत से
बरहपार भोजूराय निवासी पत्तू पाल सूरत में एक निजी कम्पनी में नौकरी करता है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार वह तीन दिन पहले ही घर आया था। किसी को अनुमान भी नहीं था कि वह घर आने के बाद इतना बड़ा कांड करेगा। हत्या के कारणों का भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घर पर बेटे के साथ ही रहती थी बिंदा
सादात: मृतका बिंदा देवी अपने छोटे बेटे विशाल के साथ ही घर पर रहती थी। उसका पति पत्तू पाल और बड़ा बेटा आशीष भी सूरत में नौकरी के चलते वहीं रहता था। साल-छह महीने पर घर आया करता था। मृतका के सास व ससुर की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतका के पति का दूसरा भाई अलग रहता है।