सीतापुर जिले में हाईवे पर कमलापुर के करीब बिहार से पंजाब जा रही बस पलट गई। डिवाइडर से टकराई बस में सात यात्री घायल हुए, इन्हें इलाज के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। बस में कुल 30 यात्री सवार थे, जो बिहार से पंजाब मजदूरी करने के लिए निकले थे।
लखनऊ— दिल्ली मार्ग पर हादसा गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। कमलापुर थाना क्षेत्र में बस कस्बे के निकट पहुंची ही थी कि इसी दौरान वह अनियंत्रित हो गई। प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होते ही डिवाइडर से टकराकर पलट गई। गुरुवार तड़के वाहन पलटते ही हाइवे पर अफरातफरी मच गई। कमलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एक एक कर बाहर निकाला। घायल सात लोगों को निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, अन्य को मामूली चोट थी, इसलिए उन लोगों का स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार कराया गया।
बताते हैं कि सड़क हादसा अचानक चालक के झपकी लेने के कारण हुआ। वाहन को चालक कई घण्टों से लगातार चला रहा था। तड़के हाइवे पर घने कोहरे के बीच चालक को आईं नींद की झपकी के कारण ही हादसा हुआ। उधर जिला अस्पताल लाए गए सभी सात लोगों की हालत में सुधार है।
हादसे में ये हुए घायल
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मधुबनी निवासी दीपू, श्रीकांत, उनकी पत्नी प्रियंका देवी, पुत्र सुमित, गोलू, पुत्री सौम्या और विवेक घायल हुए हैं।