लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश शासन के सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी समीर वर्मा ने गुरुवार को 200 बेड जिला अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलव्धता तथा जिला अस्पताल में बनाये गये कोविड वार्ड, एण्टीजन लैब, ट्रू नाट लैब का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाये जाने का निर्देश दिया। इसी प्रकार निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया तथा इसमें प्रयोग किये जा रहे ईंट, सरिया व अन्य सामग्रियों की मानक के अनुसार ही प्रयोग करने का निर्देश दिया।
धान क्रय केंद्र जंगीपुर मंडी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने काटा, बोरे की उपलव्धता तथा मौके पर उपस्थित किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। जंगीपुर नगर पंचायत के वार्ड नं. पांच के निरीक्षण में नालियों में जल जमांव तथा गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पानी निकासी की व्यवस्था करने का निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिया। थाना जंगीपुर के नजदीक बनाये जा रहे महिला शरणालय के निरीक्षण में गुणवत्ता पर ध्यान देने तथा धीमी कार्य के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाये जाने का निर्देश दिया। मौके पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जंगीपुर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।