आयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में बिहार भाजपा भी आर्थिक सहयोग करेगी। पार्टी की ओर से खरमास बाद राममंदिर के लिए चंदा संग्रह करने का निर्णय लिया गया है। यह अभियान लगभग डेढ़ माह चलेगा। चंदा संग्रह के दौरान पार्टी कोई और सांगठनिक गतिविधियां नहीं करेगी।
पार्टी के अलावा इसके अधीन सभी मंच-प्रकोष्ठ व मोर्चा की ओर से भी चंदा संग्रह का अभियान चलाया जाएगा। राज्य के प्रदेश पदाधिकारी से लेकर जिला, प्रखंड, मंडल व बूथ स्तरीय नेता तक इस काम में जुटेंगे। पार्टी की कोशिश है कि वह चंदा संग्रह के माध्यम से बिहार के हर परिवार तक पहुंचे। इसी बहाने वह अपने जनाधार में इजाफा भी करेगी। चंदा संग्रह के दौरान अगर किसी को सरकारी योजनाओं की जानकरी नहीं होगी तो वह भी उन्हें बताया जाएगा। अभियान की प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेता निगरानी करेंगे, ताकि पता चल सके कि किस जिले ने सबसे अधिक घरों तक पहुंच बनाई गई।