पांच दिन पहले सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने दिल्ली से सपरिवार आई महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। हालांकि उसके अन्य स्वजनों की रिपोर्ट निगेटिव है। महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। इस महिला को मिलाकर जिले में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 35 पहुंच गई है। जिनमें से छह लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को जिले से भेजे गए 153 लोगों के सैम्पल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों व पुलिस की सतर्कता पूरे जिले के लिए नजीर है। दीपनगर थाना क्षेत्र के नेपुरा के ग्रामीणों को पहले से ही इन लोगों के दिल्ली से आने की खबर थी। ग्रामीणों ने समय रहते दीपनगर पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया। कार से जैसे ही यह परिवार बिहारशरीफ पहुंचा। दीपनगर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और महिला समेत पूरे परिवार को गांव जाने ही नहीं दिया और सभी को बिहारशरीफ के खंदक पर स्थित कृष्णा होटल में क्वारनटाइन कर दिया।