इधर कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते कर्मनाशा नदी का जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसके पीछे पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश का पानी माना जा रहा है। उधर के पानी की वजह से नदी का जल स्तर बढ़ने लगा है। पहाड़ों का पानी आने से कर्मनाशा नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ने लगा है। नदी में जलकुंभी बह कर आने लगी हैं। जल के बढ़ाव को देख नाविक परेशान हो गये हैं, क्योंकि नाविक अभी अपने नावों की ठीक से मरम्मत नहीं कर पाये हैं।
पानी नहीं होने वजह से नाविक नदी में ही नाव की मरम्मत कर रहे थे। पर शनिवार की रात से अचानक पानी के बढ़ने से नावों की मरम्मत नहीं हो पायी है। कर्मनाशा नदी के तटवर्ती गांव के मल्लाह अपनी नाव कर्मनाशा नदी के तट पर बांधते हैं। रात को कर्मनाशा नदी में अचानक पानी आने से नदी में उलट कर रखी नावें डूबने लगीं, जिसे तुरंत वहां पहुंचकर नाविकों ने किनारे किया। नाविकों का कहना है कि जिस तेजी से कर्मनाशा का पानी बढ़ रहा है, अगर यही गति रही, तो जल्द ही इस नदी में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। कुछ मल्लाह लोगों की मदद से नाव को बाहर निकालकर उसमें से भर आये पानी को निकालते देखा गया। अचानक नदी में पानी आने से मल्लाहों की परेशानी बढ़ गयी है।