यूपी के देवरिया जिले में एक ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी का शनिवार की शाम भटनी के पक्के पुल पर कुछ लोगों से विवाद हो गया। इस दौरान पथराव व फायरिंग भी हुई। इससे दहशत फैल गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर फायरिंग व पथराव का आरोप लगा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोनापार के रहने वाले गिरधारी तिवारी हियुवा के जिला उपाध्यक्ष हैं। वह भटनी से ब्लॉक प्रमुख पद की दावेदारी कर रहे हैं। शनिवार की देर शाम उनका काफिला भटनी के पक्के पुल पर पहुंचा। यहां उनकी गाड़ी में सवार एक व्यक्ति गुटखा खरीदने गया। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका दुकानदार से विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान काफी भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच पथराव शुरू हो गया। उसी दौरान फायरिंग भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया।
इसके कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के लोग पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्त के नेतृत्व में भटनी के पक्के पुल पर जमा हो गए और हियुवा नेता पर हमला करने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। ये लोग हियुवा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम भाटपाररानी, सीओ पंचमलाल ने उन्हें समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। तनाव को देखते हुए मौके पर भटनी के अलावा खामपार व भाटपाररानी पुलिस लगा दी गई। मामले में हियुवा नेता गिरधारी तिवारी का कहना था कि उनके ऊपर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। किसी तरह से वहां से भाग कर जान बचाई।