स्थानीय तहसील क्षेत्र के सायर गांव को जाने वाले मुख्य मार्ग का पानी लगने की वजह से लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानी हो रही है। सायर गांव कर्मनाशा नदी के तट पर बसा है और यह यूपी का बॉर्डर भी है। यहां पर सायर घाट व राजमलबांध (पकवालिया) घाट पर लोग नाव के सहारे आते-जाते हैं, लेकिन मार्ग पर इधर हो रही रुक-रुककर बरसात के चलते जल जमाव हो गया है।
जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के चलते घरों से निकलने वाला पानी भी सड़क पर ही पसरा रहता है। इसके चलते राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। प्रतिदिन क्षेत्र के अलावा बिहार राज्य के लोग इस मार्ग से यहां आते-जाते हैं, लेकिन मार्ग पर पानी इकट्ठा होने की वजह से काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। सायर गांव के लोग सब्जी बेचने के लिए इसी मार्ग से बिहार राज्य को साइकिल व बाइक सहित पैदल जाते हैं। इस मार्ग पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढा भी हो गया है। जहां बारिश होते ही इन गड्ढे में पानी भर जाता है। यह पता तक नहीं चल पाता है कि मार्ग पर कहां-कहां गड्ढा है, जिससे अनजान लोगों गड्ढे में फंसकर चोटिल हो जाते हैं। सब्जी बेचने वालों के लिए यह मार्ग जल जमाव के चलते परेशानी का सबब बन गया है। लोगों को अधिक दूरी तय कर दूसरे तरफ से होकर आना-जाना पड़ रहा है।
Latest Ghazipur Hindi News | Ghazipur News | Daily Ghazipur News | Latest News Ghazipur | Ghazipur Today News | Ghazipur News in Hindi | Breaking Ghazipur News | Ghazipur News Headlines