प्रदेश की भाजपा सरकार का वर्ष 2021-22 का बजट कई नई योजनाओं से सजा धजा नजर आएगा। इस बार के बजट को चुनावी बजट के रूप में देखा जा रहा है। युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए बजट में बहुत कुछ होने की उम्मीदें हैं। बजट में गंगा नदी को लेकर नई योजना लाने की तैयारी चल रही है। गंगा के किनारे पड़ने वाले गांवों में गंगा चबुतरा, खेल का मैदान तथा अन्य विकास कार्य नई योजना का हिस्सा होंगे। इस योजना के माध्यम से प्रदेश में गंगा की अविरलता पर फोकस किया गया है।
माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश सरकार राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट प्रस्तुत करेगी। बजट आकार 5.80 लाख करोड़ के आसपास का हो सकता है। वित्त विभाग के बजट पूर्वानुमानों के मुताबिक 2021-22 में राज्य सरकार का सालाना खर्च 5.74 लाख करोड़ और कुल कर्ज भी 5.74 लाख करोड़ अनुमानित है। कोरोना के कारण उत्पन्न आर्थिक दिक्कतों को देखते हुए बजट तैयार करने में जो अधिकतम तीन फीसदी घाटे का ग्राफ रखने का नियम था उसमें कुछ ढील दी गई है। जिसकी वजह से अनमानित खर्च से बड़ा बजट का आकार हो सकता है।