बीते कई दिनों से गर्म हो रहा मौसम अब नरम हो चला है। बादलों की आवाजाही के साथ प्रदेश में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
बुधवार को सुबह से आसमान से आग बरस रही थी और गर्म हवाएं झुलसा रही थी। लेकिन दोपहर होते-होते अचानक आसमान पर बादल छा गए। बादलों ने आसमान से आ रही सूरज की किरणों का रास्ता रोका तो तापमान भी कुछ कम हो गया। दरअसल, मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि बुधवार को स्थानीय कारकों के चलते मौसम में बदलाव आएगा।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गुरुवार से मौसम के नरम बने रहने की उम्मीद है। यही नहीं हवाओं का रुख भी बदलेगा। शुष्क उत्तरी पश्चिमी हवाओं के बजाय बुधवार से दक्षिण पूर्वी हवाएं चलेंगी जो अपने साथ नमी लेकर आएंगी। इससे भी राहत मिलेगी। फिलहाल एक हफ्ते की प्रचंड गर्मी के बाद मई के आखिरी दिनों में गर्मी से राहत की उम्मीद है।