खेती के कार्य में सिंचाई की अहम भूमिका होती है। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए क्षेत्र में राजकीय नलकूप लगाये गये हैं। इसे चलाने के लिए ट्रांसफार्मर भी लगे हैं, क्योंकि सही बिजली की आपूर्ति नहीं होगी, तो यह चल नहीं सकेगा। पर ट्रांसफार्मर के खराब होने के चलते नलकूप भी बंद पडे़ हैं, जो किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
क्षेत्र में राजकीय नलकूप संख्या 94 की स्थापना एक वर्ष पूर्व बासूचक ग्राम में की गयी थी। इस नलकूप के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण यह बंद पड़ा है। यही नहीं लगभग एक माह में इस नलकूप का ट्रांसफार्मर एक माह में चार बार बदला जा चुका है, पर तकनीकी खराबी आज तक दूर नहीं हो सकी। आज भी तकनीकी खराबी के कारण नलकूप बंद है, जिससे आस-पास के दर्जनों किसान अपनी खेती को लेकर परेशान हैं। बासूचक ग्राम के निवासी अवधेश सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, पर आज तक आश्वासन के अलावा कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
विभागीय लोग केवल टाल-मटोल कर रहे हैं, जिसका विपरीत असर किसानों के सिंचाई कार्य पर पड़ रहा है। सिंचाई के अभाव में खेती का कार्य बाधित है। बासूचक के चन्द्रशेखर सिंह, श्रीप्रकाश सिंह, प्रदीप सिंह, अजीत सिंह, उदयराज यादव, अशोक राम, रामनाथ राम आदि किसानों ने मांग की है कि शीघ्र नया 25 हार्सपावर का ट्रांसफॉर्मर लगाकर नलकूप को चालू किया जाय, ताकि इस नलकूप से संबंधित किसान अपनी खेती के कार्य शुरू कर सकें। साथ ही किसानों ने चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द ट्रांसफार्मर लगाकर नलकूप को शुरू नहीं किया गया, तो विवश होकर किसान पहाड़पुर फीडर पर धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
Latest Ghazipur Hindi News | Ghazipur News | Today Ghazipur News | Latest News Ghazipur | Ghazipur Today News | Ghazipur News in Hindi | Breaking Ghazipur News | Ghazipur News Headlines