यूपी बिहार सीमा पर स्थित गाजीपुर में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। बेटी के साथ शादी से लौट रहे व्यक्ति को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। अटैची लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया। चलती ट्रेन से फेंके जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस वारदात में शामिल लोगों को खोजने की बात कह रही है। घटनास्थल बिहार के बनाही स्टेशन के समीप की है।
गहमर (गोविंद राव पट्टी) निवासी 53 वर्षीय विमलेश्वर सिंह मुन्ना बुधवार को अपनी बेटी के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए डाउन पैसेंजर ट्रेन से अपनी ससुराल बिहार के खरौनी (बिहिया) भोजपुर जा रहे थे। बिहार के बनाही स्टेशन के समीप विमलेश्वर सिंह की अटैची लेकर एक लुटेरा भागने लगा। विमलेश्वर ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
इस पर लुटेरे के अन्य साथी भी पहुंच गए और विमलेश्वर सिंह को ट्रेन से नीचे धक्का देकर गिरा दिया। उनके गिरते ही बेटी की चीख सुनकर अन्य लोग दौड़े तो लुटेरे फरार हो गए। यात्रियों ने फोन कर रेलवे पुलिस को इस बात की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो विमलेश्वर सिंह की मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा भेज दिया गया। पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना जब ससुराल पहुंची तो खुशी की जगह गम का माहौल हो गया।