कांग्रेस ने पहले और दूसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम तय कर दिये। इन दोनों चरणों में पार्टी के पास 46 सीटें है। इन सीटों पर सीटिंग उम्मीदवारों में लगभग सभी के नाम पर एक बार फिर से पार्टी ने मुहर लगा दी है। लेकिन इन उम्मीदवारों के नाम की सूची दिल्ली से लौटने के बाद प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा मंगलवार को जारी करेंगे। पहले चरण में कांग्रेस के पास 20 सीटें हैं।
जानकारी के अनुसार इन सीटों में जदयू से कांग्रेस में आये निवर्तमान विधायक गजानंद शाही उर्फ मुन्ना शाही को पार्टी बरबीघा से चुनाव लड़ाएगी। इसके अलावा नवादा जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ऊर्फ मनटन सिंह को वारिसलीगंज से चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक स्व. आदित्य सिंह की बहू नीतू कुमारी के नाम पर मुहर लगी है।
बक्सर के मुन्ना तिवारी को छोड़कर पहले चरण के सभी विधायकों के नाम पर मुहर लग गई है। मुन्ना तिवारी के नाम पर अभी चर्चा चल रही है। कहलगांव के विधायक और विधान मंडल दल के नेता सदानंद सिंह, बिक्रम के सिद्दार्थ, कुटुम्बा के राजेश राम, औरंगाबाद के आनंद शंकर सिंह वजीरगंज से अवधेश कुमार सिंह, और सिकंदरा से सुधीर कुमार ऊर्प बंटी चौधरी का नाम प्राय: तय हैं।