नगर पालिका परिषद जौनपुर के नागरिकों को जल्द ही कूड़े की समस्या से काफी हद तक निजात मिल गई है। नगर पालिका की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक कुल्हनामऊ का सालिड वेस्ट मैनेजमेंट का निर्माण अगले माह पूरा होने की उम्मीद है। नगर के आस-पास सड़कों व नदी के किनारे व खुले स्थानों पर कूड़ा गिराने से जहां बीमारियों का खतरा रहता था वहीं आस-पास के लोग दुर्गंध से परेशान थे। सात किलोमीटर दूर कुल्हनामऊ में कूड़ा गिराए जाने से उन्हें काफी हद तक राहत मिल गई है।
नगर के समीप कुल्हनामऊ में 10.73 एकड़ भूमि पर इसका निर्माण कार्य सितंबर 2013 में शुरू हुआ। निर्माण 12.39 करोड़ की लागत से शुरू हुआ। इस समय कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की तरफ से निर्माण कार्य जारी है। इसमें पहली किश्त के रूप में 6.20 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। शुरुआत में वर्ष 2016 तक काफी विवाद रहा। इसमें कभी जमीन के विवाद को लेकर कोर्ट का अड़ंगा रहा तो कभी ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। कार्यदायी संस्था की तरफ से एटूजेड को ठेके पर काम दिया गया। पहले लेटलतीफी के कारण भी काम में और देरी हुई। हालांकि वर्तमान में निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। अक्टूबर तक कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है।