जनपद में अलग-अलग स्थानों पर बीते चौबीस घंटे के अंदर हुए सड़क हादसों में मुनीम की मौत हो गई। वहीं दारोगा समेत दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों से परिजनों में कोहराम मच गया। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
चितबड़ागांव: चितबड़ागांव मोहम्मदाबाद मुख्य मार्ग पर सोमवार की देर रात बाइक की टक्कर से सड़क किनारे पैदल जा रहे ईंट-भट्ठे के मुनीम छोटेलाल साहनी(50) निवासी इन्दरपुर थाना फेफना की मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। वह ईंट-भट्ठा पर से काम करके घर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से बाइक सवार ने धक्का मार दिया। उन्हें तत्कल अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रसड़ा: रसड़ा-बलिया मार्ग के संवरा के रामनगर गांव के समीप मंगलवार के दोपहर लगभग 12 बजे ट्रक व कार की टक्कर में दरोगा संतोष सिंह (50) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी नरनी छेकमा जनपद आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके साथ उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं। इनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वे अपनी पत्नी के साथ कार से बलिया की तरफ जा रहे थे। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इन्हें तत्काल रसड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उन्हें रेफर कर दिया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार व ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।