मिर्जापुर में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खलिहान में रखे पुआल में अचानक आग लगने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। घटना मड़िहान थाना क्षेत्र के पचोखरा खुर्द गांव में हुई। मृतकों में दो बहन व एक भाई था। बड़ी बहन बाहर खेल रही थी। अन्य दो बच्चे पुआल में सोए थे। पुआल में आग कैसे लगी, यह पता नहीं चल सका। मड़िहान पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
पेशे से किसान पचोखरा खुर्द गांव निवासी जितेंद्र धरकार के घर से पांच सौ मीटर दूर सिवान में उनका खलिहान है। धान की मड़ाई का कार्य चल रहा था। खलिहान में ही पुआल रखा हुआ था। जितेंद्र के तीनों बच्चे खलिहान में रखे पुआल में ही थे। इनमें रानी (3) व हर्षित (5) वर्ष पुआल में सो रहे थे। बड़ी बेटी सुनैना (7) वहीं खेल रही थी। परिवार के अन्य लोग खेत की जुताई करा रहे थे। शाम लगभग पांच बजे संदिग्ध परिस्थितियों में पुआल में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से भड़की की तीनों बच्चों को निकलने का मौका नहीं मिल सका। बच्चों की चीख पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर मड़िहान थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आग लगने के कारणों की पड़ताल में जुटी है।