अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 4600 नए मामलों के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या अब 1 लाख 45 हजार 287 तक पहुंच गई है। कुल मामलों में से 92 हजार 526 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
वहीं राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 50 हजार को पार कर गई है। उत्तर प्रदेश में फिलहाल 50 हजार 426 मरीज कोरोना का इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना मामलों में मृत्यु दर 1.6 प्रतिशत हो गया है। अब तक प्रदेश में संक्रमित मामलों में से 2335 लोगों की मृत्यु हुई है।
देश में सबसे ज्यादा टेस्ट करने वाला राज्य बना उत्तर प्रदेश
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश में 96 हजार 106 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक राज्य में कुल 35 लाक 98 हजार 210 टेस्ट किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे ज्यादा टेस्ट करने वाला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि कल 5 सैंपल के 2492 पूल लगाए गए, जिसमें से 424 में पॉजिटिविटी देखी गई। वहीं 10 सैंपल के 113 पूल में से 15 में पॉजिटिविटी मिली।