देश में कोरोना से बीते चौबीस घंटों के दौरान 134 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 3722 नए संक्रमण आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 2549 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र समेत छह राज्यों में कोरोना से मौतें सर्वाधिक हैं। इन छह राज्यों में कोरोना से होने वाली मौतें सौ से अधिक हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना संक्रमितों की संख्या 78003 हो गई है। देश में अब तक 19.47 लाख टेस्ट कराए जा चुके हैं। इनमें करीब चार फीसदी के करीब पॉजीटिव निकले हैं।
1849 मरीज स्वस्थ हुए: इस बीच राहत पहुंचाने वाली बात यह है कि बीते चौबीस घंटों के दौरान 1849 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वस्थ होने की दर 32 फीसदी से अधिक है। अब तक 24386 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। करीब-करीब एक तिहाई मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 49219 मरीजों का देश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक मौतें: कोरोना से मरने वालों में 975 लोग अकेले महाराष्ट्र से हैं। बीते चौबीस घंटे के दौरान वहां 54 लोगों की मौतें हुई है। दूसरे नंबर पर गुजरात है जहां अब तक 566 मौतें हो चुकी हैं जिनमें से 29 मौतें पिछले चौबीस घंटों के दौरान हुई हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 232, पश्चिम बंगाल में 207, राजस्थान में 121 और दिल्ली में 106 मौतें हुई हैं। इस प्रकार इन छह राज्यों में अकेले 2207 मौतें हुई हैं जो कुल मौतों का करीब 88 फीसदी है।
6 राज्यों में सर्वाधिक मरीज: इन छह राज्यों में देश के करीब 75 फीसदी कोरोना मरीज भी हैं। इनमें महाराष्ट्र में 25922, गुजरात में 9267, तमिलनाडु में 9227, दिल्ली में 7998, राजस्थान में 4328 और मप्र में 4173 रोगी हैं। इन छह राज्यों में कुल 60915 कोरोना रोगी हैं। ये कुल मरीजों का 78 फीसदी मरीज हैं।