गाजीपुर जिले के जमानियां में एक टाटा 407 में चोरी छिपे 70 ऑक्सीजन के सिलेंडर कालाबाजारी के उद्देश्य से बिहार लेकर जा रहे चालक समेत पकड़ाया। छानबीन में वाहन और ऑक्सीजन सिलेंडर के कागजात न दिखाए जाने पर उसे सीज कर सुहवल थाना पुलिस को सुपुर्द कर आगे की छानबीन में जुट गये।
यात्री कर अधिकारी ने डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया
यात्री कर अधिकारी मनोज कुमार ने बताया वह अपने टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से एक तेज रफ्तार टाटा 407 लोडेड वाहन आता दिखाई दिया। जिसे रोकने पर वह तेजी से रेवतीपुर की तरफ भागने लगा। शक होने पर उसके वाहन का पीछा कर घेराबंदी कर मय वाहन समेत दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि वाहन के कागजात मांगने पर चालक अगल बगल झांकने लगा, जब यात्रीकर अधिकारी मनोज कुमार ने लदे ऑक्सीजन के सिलेंडर के बाबत पूछताछ शुरू की तो वह उसका भी कागजात नहीं दिखा सका। जिसके बाद मय ऑक्सीजन युक्त सिलेंडर वाहन थाने लाकर सीज कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। साथ ही यात्रीकर अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस पर करीब डेढ़ लाख का जुर्माना भी लगाया गया।
बाजार में तीन से चार हजार में उपलब्ध है ऑक्सीजन सिलेंडर
मालूम हो कि कोविड काल में संक्रमण के दौरान से अब तक ऑक्सीजन सिलेंडर की काला बजारी तमाम प्रयासों के बावजूद रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बरामद इस 140 पौंड वजन के एक ऑक्सीजन सिलेंडर जो सामान्य तौर पर बाजार में तीन से चार हजार में उपलब्ध है। उसे इस धंधे में लिप्त लोग आठ हजार से लेकर पंद्रह हजार रुपये में काला बजारी कर छोरी छिपे गैर जनपदों से लेकर बिहार तक इसकी अवैध तरीके से आपूर्ति में लिप्त है।
कोविड काल के दौरान इन्हीं ऑक्सीजन सिलेंडरों की काफी मांग थी। उस दौरान भी इसमें लिप्त लोगों ने खूब काली कमाई की और लोगों से जमकर बाजार से कई गुना अधिक तक इसके कीमतें मरीजों से वसूल किया था।