गाजीपुर में गुरुवार को हुई छात्र की हत्या के आरोपी की भी अस्पताल में मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पीटा था। दिलदारनगर के भरवलिया गांव में गुरुवार की शाम छात्र सुरेंद्र की हत्या के बाद दो हमलावरों दानिश और आसिफ को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई की थी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां एक हमलावर दानिश की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई।
दिलदारनगर थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव निवासी 19 वर्षीय सुरेंद्र सिंह यादव बीए स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र था। गुरुवार की शाम साढ़े सात बजे सुरेंद्र गांव के दक्षिण तरफ नहर पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवक आए और सुरेंद्र से विवाद के बाद मारपीट करने लगे। इसी दौरान युवकों ने सुरेंद्र को चाकुओं से गोद दिया। सुरेंद्र के लहूलुहान होकर गिरते ही हमलावर भागने लगे। ग्रामीणों ने दानिश और आसिफ को पकड़ लिया था। दोनों की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया गया था। जहां से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।