जमानियां के गांवों मनझरियां, भगीरथपुर, सुहवल, बहलोलपुर, ढढनी आदि गांवों में शुक्रवार को सपा संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी गई। राजनीतिक दलों ने जगह जगह कार्यक्रम कर शोक मनाया। नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर व दो मिनट का मौन रख श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
इस मौके पर सपा के विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के आकस्मिक निधन से पार्टी सहित पूरे देश ने राजनीति का एक पुरोधा खो दिया। इसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती है।
नेताजी का कोई राजनीतिक शत्रु नहीं था
उन्होंने कहा कि नेताजी के निधन से पार्टी को बहुत बड़ी क्षति हुई है। हम चाहेंगे कि समाजवादी विचारधारा के लोग उनके गुणों को अपनाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश का मजबूती से साथ दें। साथ ही पार्टी को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें। सभासद व सपा मीडिया प्रभारी प्रमोद यादव ने कहा कि नेताजी राजनीति के भीष्म पितामह थे। इसी कारण उनका कोई राजनीतिक शत्रु नहीं था। मुलायम सिंह यादव लोहिया जी के पाठशाला के अंतिम व सफल विद्यार्थी थे, जो अंत तक समाजवाद को मजबूती प्रदान करते रहे।
रेवतीपुर ब्लॉक मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक व संरक्षक मुलायम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें दो मिनट का मौन रखकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अजिताभ राय राहुल ने कहा कि लोहिया के विचारों पर चलने वाले नेताजी आज हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी याद हमेशा जीवित रहेगी। रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने बहुत ही सराहनीय कार्य किए। वे जमीन से जुड़े नेता थे। वे हमेशा समाज के वंचितों, शोषितों की आवाज बने रहे।
इस मौके पर ये लोग रहे मौजूद
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि मुलायम सिंह यादव चौधरी चरण सिंह एवं डॉ. लोहिया की विचारधाराओं के सच्चे अनुयायी थे। उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हुआ है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह राणा,रजनीकांत यादव,काशीनाथ यादव, इमरान खां, सद्दाम खां, कृष्णा यादव, रणजीत राजनीति यादव,प्रधान मनोज यादव,रामू ,सुरेंद्र सिंह रंगीला,उपेन्द्र शर्मा, विवेक राय,मनीष राय,जितेन्द्र यादव, रजनीकांत पांडेय,और महेंद्र उपाध्याय आदि मौजूद रहे।