माह अप्रैल की अभी शुरुआत है, लेकिन गर्मी ने इस कदर सितम ढाना शुरू कर दिया है कि सुबह से ही लोग इससे बेचैन होने लग जा रहे हैं। अभी से ही पारा 40 तक पहुंच गया है। आगामी दिनों में 41 से 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। इससे रात में उमस जैसी स्थिति हो जा रही है। मौसम का जो हाल है इससे साफ है कि पारा अभी और बढ़ेगा और लोगों की दुश्वारियां बढ़ेंगी।
चैत्र में गर्मी ने धीरे-धीरे अपना रूप दिखाना शुरू कर दी है। ऐसी गर्मी का रूप मई-जून के महीने में आता है, लेकिन यह रौद्र रूप अभी से ही सामने आने लगा है। मार्च माह से ही मौसम ने ऐसी करवट ली कि अप्रैल के शुरुआत में ही पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया। महज कुछ दिन के अंतराल पर ही पारा पांच डिग्री का इजाफा हो गया। इसी के साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 23 से 24 डिग्री के बीच पहुंच गया है।
प्रचंड धूप के कारण सुबह 8 बजे से लोगों को पसीना-पसीना होने लग जा रहा है। गर्मी ने हर तबके को परेशान कर दिया है। बच्चों को इसी भीषण गर्मी में स्कूल जाना पड़ रहा है। गर्मी के कारण फील्ड वर्क करने वाले कर्मचारी कतराने लगे हैं। इस बारे में कृषि विज्ञान केन्द्र पीजी कालेज के मौसम विशेषज्ञ कपिल देव शर्मा का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह में पारा अभी 41 से 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रह सकती है। तेज धूप के चलते मौसम में शुष्कता बढ़ेगी और लू और तेज बहेगी।