रामनवमी पर रविवार को हिन्दू युवा वाहिनी की ओर से शहर में भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली गयी, जो शहर के रूई मंडी से प्रारंभ होकर लंका रामलीला मैदान तक पहुंची। गाजे-बाजे संग निकाली गयी शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल श्रीराम भक्त भगवा ध्वज व तलवार लहराते हुए जय श्रीराम का जयकारा लगाते चल रहे थे।
विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी इस यात्रा में डीजे पर बज रहे गीतों से समूचा वातावरण गूंजता रहा। शोभायात्रा शहर के रूई मंडी से प्रारंभ होकर नवाब साहब फाटक, टेढ़ीबाजार, नखास, चीतनाथ, टाउन हाल, लालदरवाजा, मिश्रबाजार, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद होते हुए लंका तक गई। यात्रा में रथ पर सवार श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान का रूप धरे पात्र आकर्षण का केंद्र बने रहे।
हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में निकली शोभा यात्रा में पीछे वाहनों का लंबा काफिला भी चल रहा था। यह शोभा यात्रा जिस रास्ते से होकर गुजर रही थी, वहां लोग जय श्रीराम का जयघोष के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत कर रहे थे। इसके चलते शहर का वातावरण राममय बना रहा।