गाजीपुर के कासिमाबाद तहसील क्षेत्र के मरदह थाना अंतर्गत मऊ-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्गा माता मंदिर के पास सड़क दुर्घटना में घायल साईकिल सवार मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मालूम हो कि मरदह थाना क्षेत्र के महेगवां गांव निवासी मनोज प्रजापति उम्र (26) वर्ष किसी कार्य से साईकिल द्वारा मरदह बाजार आया हुआ था।
बाजार करने के बाद वापस देर शाम अपने घर जा रहा था, युवक अभी मुख्य मार्ग पर पहुंचा ही था तभी मऊ से गाजीपुर जा रही निजी सवारी मिनी बस की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को देख ग्रामीण दौड़ पड़े। मौका देख वाहन चालक बस छोड़ फरार हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मरदह पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालात गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह ने बताया कि, मिनी बस को कब्जे में कर लिया गया है। मौके से फरार चालक की तलाश जारी है। परिजनों द्वारा तहरीर नही मिला है। मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत की खबर के बाद गांव में गमगीन माहौल हो गया। मृतक की पत्नी वंदना प्रजापति का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक की पुत्री आरूषी (7) वर्ष, खुशी (5) वर्ष, पुत्र राजा (3) वर्ष बताया जा रहा है।