केंद्रीय शहरी विकास, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को विशिष्ट स्टेडियम तियरा में दो दिवसीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने पहले दीप प्रज्ज्वलन और खेल ध्वजारोहण करने के बाद धनुष चलाकर कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के साथ राज्य स्तर के खिलाड़ी भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विकास के साथ खेल को भी बढ़ावा दे रही है। तीरंदाजी भारतीय विधा का सबसे पुराना खेल है। इसे बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से तत्पर है। तीरंदाजी के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। तीरंदाजी में थोड़ी और मेहनत करें तो आने वाले समय मे प्रतिभाओं और और भी निखार सकते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वेद कुमार, कैलाश, सत्यदेव, मधु, विकास का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वहीं तीरंदाजी संघ के प्रदेश महासचिव अजय गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के साथ जिले को एक तीरंदाजी कोच देने की भी पहल की गई है। इस दौरान जिला तीरंदाजी संघ के जिला सचिव बलराम कृष्ण यादव, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड़, राज्य सभा सदस्य रामसकल, जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक अनिल मौर्य, मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, डीएम टीके शिबु, एसपी अमरेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
सोनभद्र में सेंटर आफ एक्सीलेंस : जिले में सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाने के लिए खेल मंत्री से वार्ता करने की जानकारी देने के साथ उन्होंने कहा कि सोनभद्र में हर वर्ष ऐसे ही प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बताय कि इस बार प्रतियोगिता में शानदार प्रतिभागी आए हैं, आगे भी और प्रतिभागी आएं ताकि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर का बनाया जा सके। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की घोषणा की है, उससे देश भर के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।
विकास योजनाओं पर विमर्श : केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने सोनभद्र जिले के दौरे के दूसरे दिन पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं और उनके समाधान के लिए भी विचार विमर्श किया। दरअसल नीति आयोग की ओर से जारी लिस्ट में सोनभद्र जिला काफी पिछड़ा होने की वजह से केंद्रीय आवास और शहरी मामलों और पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जिले में विकास कार्यों की निगरानी खुद संभाल रखी है। इसी कड़ी में रविवार को वह वाराणसी में बाबतपुर एयरपोर्ट से होकर देर शाम सोनभद्र पहुंचे और जिले की विकास योजनाओं से रूबरू हुए। इस दौरान संसद सदस्य राम सकल, राबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अजित चौबे सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।