गंगानगर स्थित अनिका बैंक्वेट हॉल में मंगलवार रात समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में फोटोग्राफर के सीने में गोली लग गई। लहूलुहान युवक को गंभीर हालत में न्यूटीमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक के साथी की तहरीर पर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गंगासागर कॉलोनी के बाहर अनिका बैंक्वेट हॉल है। हॉल मालिक महेंद्र सिंह के पोते का कुआं पूजन कार्यक्रम बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया था। रात में कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस चल रहा था। कुछ लोग हथियार लहरा रहे थे और हर्ष फायरिंग की गई। अचानक एक गोली फोटोग्राफर विजय कुमार के सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गए।
लोगों ने कुमार को न्यूटीमा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को सूचना नहीं दी गई और मामला दबाने का प्रयास किया गया। बाद में विजय के साथी अभिषेक ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों से बयान लिए। अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कहीं सीसीटीवी फुटेज न हो जाए गायब
बैंक्वेट हॉल में सीसीटीवी लगे हैं। जिनका बैंक्वेट हॉल है, उनके ही पोते के कुआं पूजन का कार्यक्रम था। ऐसे में पुलिस किसी भी सीसीटीवी या वीडियो रिकार्डिंग की बात से इनकार कर रही है। यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि पुलिस ने जल्द सीसीटीवी फुटेज नहीं जुटाई तो इसे नष्ट किया जा सकता है।
भावनपुर के इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने कहा, 'अनिका बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम के दौरान रात के समय हर्ष फायरिंग की गई। एक फोटोग्राफर को गोली लगी है। घायल के साथी की ओर से तहरीर दी गई है, मुकदमा दर्ज किया गया है।'