सांप का नाम सुनते ही लोगों को पसीना छूटने लगता है। कभी गाड़ी में ही सांप घुस जाए तो क्या होगा? इसकी केवल कल्पना की जा सकती है। शुक्रवार को महाराजगंज में एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ यह कल्पना हकीकत में बदल गई। उनकी गाड़ी में कहीं से सांप घुस गया। सांप भी ऐसा जिसे देखकर ही किसी को सांप सूंघ जाए।
छह फीट से भी लंबा सांप यहां के एडीएम की बोलेरो गाड़ी में घुस गया। इसकी जानकारी मिलते ही पूरे कलक्ट्रेट परिसर में अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि एडीएम रोज की भांति अपने कार्यालय पहुंचे थे। कलक्ट्रेट भवन के सामने उनकी गाड़ी लगी थी। इसी बीच किसी ने उनकी गाड़ी के अंदर पीछे वाले पहिया के पास सांप देखा।
वहां खड़े गार्ड और अन्य को इसकी जानकारी दी। सांप का नाम सुनते ही लोगों की भीड़ उसे देखने के लिए लग गई। पहले तो मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने डंडे आदि से खुद उसे निकालने की विफल कोशिश की। लेकिन सफलता नहीं मिलने पर सांप पकड़ने वालों को बुलाया गया। सांप पकड़ने वाले पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे दो तरफ से पकड़ा गया।
सांप ने अंदर किसी राड में खुद को लपेट लिया था। ऐसे में उसे निकालने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक तरफ से उसे किसी तरह धकेला गया और दूसरी तरफ से खींचा गया। इसके बाद उसे गाड़ी से बाहर लाया जा सका। बताया गया कि सांप धामिन प्रजाति का था। यह कब और कैसा घुसा इस पर लोग तरह तरह की चर्चा करते रहे।